नांदेड़, 16 जून (भाषा) महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने सोमवार को दवा की एक दुकान पर छापा मारा जहां कथित तौर पर इस्तेमाल की तिथि खत्म होने पर भी दवाएं बेची जा रही थीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अपने 90 वर्षीय मधुमेह पीड़ित पिता के लिए दवाएं खरीदने वाले एक व्यक्ति ने पत्रकारों को बताया कि पिछले वर्ष दिसंबर में दवाओं की इस्तेमाल अवधि समाप्त होने का पता चलने के बाद उसने इसकी शिकायत एफडीए से की थी।
अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के आधार पर एफडीए ने सोमवार को डॉक्टर्स लेन स्थित दवा की दुकान पर छापा मारा और वहां से दवाएं बरामद कीं। आरोप है कि ये दवाएं चिकित्सक के पर्चे के बिना बेची जा रही थीं, दुकान पर फार्मासिस्ट मौजूद नहीं था और ग्राहकों को बिल भी नहीं दिए जा रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि आगे की कार्रवाई पूरी होने तक दवा की दुकान को बंद कर दिया गया है।
भाषा तान्या शोभना
शोभना