प्रीत विहार में सुनार से लूटपाट मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार
प्रीत विहार में सुनार से लूटपाट मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 15 मई (भाषा) पूर्वी दिल्ली पुलिस ने प्रीत विहार थाना क्षेत्र में एक सुनार से बंदूक के बल पर सोने की 23 चेन और तीन लाख रुपये लूटने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि आरोपियों में घटना को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी और उनके तीन साथी शामिल हैं। आरोपियों की पहचान मुख्य आरोपी एवं जगजीत नगर निवासी विजय कुमार (30), मंडावली निवासी सुनील(35), हरीश (42) व आनंद (21) और घोंडा में रहने वाले अर्जुन (26) के तौर पर हुई है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से लूटी गई सोने की 21 चेन और 2.31 लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं। सोने का वजन करीब 250 ग्राम है।
पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजीव कुमार ने बताया कि मंडावली इलाके में आभूषण की दुकान चलाने वाले सुकुमार धारा से तीन मई की रात करीब साढ़े 10 बजे बंदूक के बल पर दो लोगों ने उनका स्कूटर लूट लिया था जिसमें सोने की 23 चेन, सोने के टुकड़े और तीन लाख रुपये नकद रखे थे। साथ में उनका फोन भी लूट लिया गया था।
उन्होंने बताया कि इस बाबत मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने दो विशेष टीम गठित कर 10 दिनों तक 600 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों को आखिरकार बृहस्पतिवार को उत्तर पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में उनके छिपने के ठिकाने से पकड़ लिया।
डीसीपी ने बताया कि भागने के दौरान, आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए जानबूझकर लूटे गए स्कूटर को छोड़ दिया, तीन बार कपड़े बदले, परिवहन के साधन बार-बार बदले और लूटे गए मोबाइल फोन को भी चलती गाड़ी से फेंक दिया ताकि तकनीकी जांच में अवरोध पैदा किया जा सके।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश

Facebook


