अविभाजित आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन भास्कर राव का निधन

Ads

अविभाजित आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन भास्कर राव का निधन

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 07:43 PM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 07:43 PM IST

हैदराबाद, 22 अप्रैल (भाषा) अविभाजित आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं 1984 में तेदेपा संस्थापक एन टी रामाराव के खिलाफ तख्तापलट का नेतृत्व करने वाले एन भास्कर राव का बुधवार को यहां निधन हो गया। वह 90 वर्ष के थे।

जन सेना पार्टी द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, भास्कर राव ने यहां एक सुपर-स्पेशलिटी अस्पताल में अंतिम सांस ली, जहां उन्हें वृद्धावस्था संबंधी समस्याओं के चलते भर्ती कराया गया था।

उनके पुत्र एवं जन सेना के प्रमुख नेता नादेंडला मनोहर वर्तमान में आंध्र प्रदेश के नागरिक आपूर्ति मंत्री हैं।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी, आंध्र प्रदेश के उनके समकक्ष एन चंद्रबाबू नायडू, आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण, केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी और बंडी संजय कुमार, भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन रामचंद्र राव और कई अन्य नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।

भास्कर राव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए रेवंत रेड्डी ने कहा कि दिवंगत नेता ने विधायक, मंत्री और सांसद के रूप में विभिन्न पदों पर रहकर जनता की सेवा की थी।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नायडू ने राव के बेटे नादेंडला मनोहर से फोन पर बात की और संवेदना व्यक्त की।

पवन कल्याण ने भी मनोहर और परिवार के अन्य सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

वाईएसआरसीपी के प्रमुख जगन मोहन रेड्डी ने भास्कर राव के निधन को राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया और शोकसंतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

एन टी रामाराव के मंत्रिमंडल में मंत्री रहे भास्कर राव बगावत कर खुद मुख्यमंत्री बन गए थे।

हालांकि, भास्कर राव केवल एक महीने तक ही मुख्यमंत्री रह पाए क्योंकि तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) द्वारा चलाए गए ‘लोकतंत्र बचाओ’ आंदोलन के बाद एनटीआर फिर से मुख्यमंत्री बन गए।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने एनटीआर को मुख्यमंत्री के रूप में बहाल करने के अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

भास्कर राव बाद में 1998 में कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा के लिए चुने गए।

हालांकि, वह 2019 में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गए थे।

राव का पार्थिव शरीर उनके जुबली हिल्स स्थित आवास में रखा जाएगा ताकि मित्र, रिश्तेदार, प्रशंसक और शुभचिंतक उन्हें श्रद्धांजलि दे सकें।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि उनका अंतिम संस्कार 24 अप्रैल को हैदराबाद के पंजागुट्टा में किया जाएगा।

भाषा

नेत्रपाल नरेश

नरेश