अन्नाद्रमुक के चार पूर्व विधायक टीवीके में शामिल हुए
अन्नाद्रमुक के चार पूर्व विधायक टीवीके में शामिल हुए
चेन्नई, छह जून (भाषा) ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) पार्टी से चार पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक टीवीके के चेन्नई स्थित मुख्यालय में शनिवार को सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल हो गए जो गंभीर आंतरिक संकट का सामना कर रही अन्नाद्रमुक के लिए एक और झटका है।
इन नेताओं में उडुमलाई के राधाकृष्णन, एम सी संपत, कदंबुर सी राजू और एन आर शिवपति शामिल हैं। ये सभी टीवीके के महासचिव आनंद और चुनाव प्रचार प्रबंधन के महासचिव आधव अर्जुन की उपस्थिति में सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल हुए।
राज्य में 23 अप्रैल के चुनाव में मिली करारी हार के बाद अन्नाद्रमुक को लगातार झटके लग रहे हैं। सबसे पहले 25 विधायकों के एक बागी गुट ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय द्वारा विधानसभा में पेश किए गए विश्वास मत का समर्थन किया जबकि पार्टी के मुख्य सचेतक के अनुसार प्रस्ताव के खिलाफ मतदान करना अनिवार्य था। इन बागी विधायकों में से चार ने इस्तीफा दे दिया और टीवीके में शामिल हो गए। हालांकि बाद में बागी गुट ने महासचिव एडप्पडी पलानीस्वामी से सुलह कर ली। तब से अन्नाद्रमुक के कई पदाधिकारी पार्टी छोड़कर टीवीके में शामिल हो चुके हैं।
अन्नाद्रमुक के चार पूर्व मंत्रियों का पार्टी छोड़कर टीवीके में शामिल होना इसका ताजा उदाहरण है।
उडुमलाई राधाकृष्णन उडुमलपेट विधानसभा क्षेत्र से चुनाव हार गए। इसी तरह, संपत कुड्डालोर विधानसभा क्षेत्र से तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, कदंबुर राजू भी कोविलपट्टी विधानसभा क्षेत्र से हार गए।
चेन्नई के पनैयूर स्थित टीवीके मुख्यालय में 29 मई को 300 से अधिक अन्नाद्रमुक सदस्य टीवीके में शामिल हो गए। पार्टी बदलने वालों में अन्नाद्रमुक से पूर्व मंत्री वेल्लमंडी नटराजन, आनंदन, साथ ही पूर्व विधायक नटराज और साधन प्रभाकर शामिल थे।
के. ए. सेंगोत्तैयान अन्नाद्रमुक छोड़कर टीवीके में शामिल होने वाले पहले प्रमुख नेता थे। उन्होंने चुनाव से काफी पहले विजय का मजबूती से समर्थन किया था।
भाषा सुरभि वैभव
वैभव

Facebook


