मंत्री की बेटी के नीट विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पर हिमंत ने कहा, बात करूंगा, लेकिन पिता को ट्रोल न करें

मंत्री की बेटी के नीट विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पर हिमंत ने कहा, बात करूंगा, लेकिन पिता को ट्रोल न करें

मंत्री की बेटी के नीट विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पर हिमंत ने कहा, बात करूंगा, लेकिन पिता को ट्रोल न करें
Modified Date: July 26, 2026 / 12:36 am IST
Published Date: July 26, 2026 12:36 am IST

गुवाहाटी, 25 जुलाई (भाषा) असम के मंत्री केशब महंता की बेटी के नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने के वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को कहा कि उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी को इस मामले में ट्रोल नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि “हो सकता है कि वह पिता की राजनीतिक विचारधारा का अनुसरण नहीं करती हो”।

नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर यहां बृहस्पतिवार को आयोजित एक प्रदर्शन ने उस समय ध्यान आकर्षित किया, जब असम गण परिषद (अगप) के नेता केशब महंता की बेटी दिबिशा भी इसमें शामिल हुईं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाने और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करने वाली दिबिशा के कथित वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किए गए हैं। हालांकि, ‘पीटीआई भाषा’ इन वीडियो क्लिप की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।

इन वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए शर्मा ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि उनकी बेटी के प्रदर्शन में शामिल होने के कारण केशब महंता को निशाना बनाया जाना चाहिए या उन्हें ट्रोल किया जाना चाहिए। हो सकता है कि वह अपने पिता की राजनीतिक विचारधारा का अनुसरण नहीं करती हों। कल जब मेरा बेटा वकालत करेगा, तो वह किसी ऐसे व्यक्ति का पक्ष रख सकता है जिसे मैं पसंद नहीं करता।”

उन्होंने कहा कि जब बच्चे वयस्क हो जाते हैं, तो उनके कार्यों को उनके माता-पिता से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं उसके लगाए गए नारों से सहमत नहीं हूं। अगली बार जब मैं उससे मिलूंगा तो निश्चित रूप से इस बारे में बात करूंगा और उसे समझाने का प्रयास करूंगा कि उसने जो कहा, वह सही नहीं था।”

असम के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री केशब महंता की ओर से इस मामले पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

भाषा

शुभम प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में