शिमला, 12 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में गटलोग के पास मंगलवार देर रात एक वाहन के खाई में गिर जाने से उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हादसा उस समय हुआ, जब परिवार के सदस्य और गांव के कुछ लोग संगड़ाह अस्पताल से ग्रामीण जगदीश शर्मा का शव लेकर लौट रहे थे। जगदीश को दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
पुलिस के मुताबिक, घायलों को नाहन स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान सिरमौर जिले के अरलू गांव निवासी राजेंद्र (37) और देश राज (23) तथा चिनाड़ गांव निवासी रिखी राम (58) और राम गोपाल (62) के रूप में हुई है।
शोकसंतप्त परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
भाषा सुमित पारुल
पारुल