कोच्चि, 27 जुलाई (भाषा) कोल्लम जिले के वलाकोम में एक स्कूल में सहपाठी से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद सोमवार को चार छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह मामला वलाकोम स्थित एक सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल के 16 वर्षीय छात्र की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि शिकायतकर्ता और आरोपी दोनों एक ही स्कूल में 10वीं कक्षा के छात्र हैं।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को स्कूल के भीतर शिकायतकर्ता और मुख्य आरोपी के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई थी।
आरोप है कि शाम करीब साढ़े चार बजे चारों छात्रों ने पीड़ित को स्कूल परिसर के बाहर घेर लिया, उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की।
अधिकारियों ने बताया कि इस मारपीट का वीडियो भी आरोपियों में से एक ने ही बनाया था। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पूरी घटना का पता चला।
इसके बाद पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज किया और सोमवार को मुवाट्टुपुझा थाने में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि गलत तरीके से रास्ता रोकने, जानबूझकर अपमान करने और मारपीट करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उसने बताया कि आरोपी छात्रों के बयान जल्द दर्ज किए जाएंगे, जिसके बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने कहा कि स्कूल प्रबंधन ने भी इस मारपीट में शामिल छात्रों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का फैसला किया है।
भाषा खारी शोभना
शोभना