श्रीनगर, एक फरवरी (भाषा) कश्मीर के कुछ हिस्सों में ताजा हिमपात हुआ जबकि मैदानी इलाकों में बारिश हुई और श्रीनगर शहर सहित कुछ स्थानों पर रात का तापमान हिमांक बिंदु से ऊपर चला गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि अनंतनाग जिले के पहलगाम के ऊंचाई वाले इलाकों और कुलगाम जिले के काजीगुंड क्षेत्र में हिमपात हुआ, जबकि दक्षिण कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश हुई।
उन्होंने बताया कि श्रीनगर शहर में भी सुबह के समय बारिश हुई।
श्रीनगर शहर में शनिवार रात न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछली रात शून्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस नीचे था।
हालांकि, गांदरबल जिले के सोनमर्ग सहित कई स्थानों के तापमान के आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन बारामूला जिले का गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट जम्मू कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के पहलगाम पर्यटन स्थल पर न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और यह पिछली रात के शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे से अधिक था। यह मौसम के सामान्य तापमान से 3.8 डिग्री अधिक है।
काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि कोकरनाग में शून्य डिग्री सेल्सियस और कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
चालीस दिनों की भीषण सर्दी ‘चिल्ला-ए-कलां’ के समाप्त होने के बाद शनिवार से 20 दिन का ‘चिल्ला-ए खुर्द’ (हल्की सर्दी) शुरू हो गया है। चिल्ला-ए-खुर्द के बाद 10 दिन का ‘चिल्ला-ए-बच्चा’ (मामूली सर्दी) शुरू होगा।
मौसम विभाग ने कहा है कि रविवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या हिमपात का अनुमान है, साथ ही कई जगहों पर तेज हवाएं चल सकती हैं।
अधिकारियों ने बताया कि दो-तीन फरवरी को छिटपुट रूप से कई स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात का अनुमान है।
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल