नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) के एक छात्र द्वारा बनाई गई लघु फिल्म ‘शैडोज ऑफ द मूनलेस नाइट्स’ को कान फिल्म महोत्सव, 2026 के ला सिनेफ अनुभाग के लिए चुना गया है।
इस अनुभाग में दुनिया भर के फिल्म स्कूलों की सर्वश्रेष्ठ छात्र फिल्मों का चयन किया जाता है।
मेहर मल्होत्रा द्वारा निर्देशित 24 मिनट की फिल्म इस अनुभाग के लिए चुनी गई 14 ‘लाइव-एक्शन’ और पांच ‘एनिमेटेड’ लघु फिल्मों में से एक है।
कान फिल्म महोत्सव ने एक बयान में कहा कि इस वर्ष के संस्करण के लिए आयोजकों को दुनिया भर के फिल्म स्कूल से 2,750 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं।
फिल्म समारोह का 79वां संस्करण 12 से 23 मई तक फ्रांस के कान शहर में आयोजित किया जाएगा।
चयनित फिल्मों का निर्देशन 12 महिलाओं और नौ पुरुषों ने किया है और ये पंद्रह देशों और चार महाद्वीपों का प्रतिनिधित्व करती हैं।
मल्होत्रा की फिल्म तीन ला सिनेफ पुरस्कारों के लिए प्रतिस्पर्धा करेगी, जो 21 मई को बुनुएल थिएटर में आयोजित एक समारोह में निर्णायक मंडल द्वारा प्रदान किए जाएंगे। मल्होत्रा पुणे स्थित इस प्रतिष्ठित संस्थान में निर्देशन और पटकथा लेखन पाठ्यक्रम के छात्र हैं।
‘शैडोज ऑफ द मूनलेस नाइट्स’ मुख्य रूप से पंजाबी भाषा की फिल्म है, जिसे मल्होत्रा ने लिखा और निर्देशित किया है।
इसमें प्रायरक मेहता, निकिता ग्रोवर और हिमांशु कोहली मुख्य भूमिका में हैं।
भाषा अमित अविनाश
अविनाश