गैंगस्टर काला जठेड़ी कड़ी सुरक्षा के बीच पत्नी और अपने नवजात बेटियों से मिला

Ads

गैंगस्टर काला जठेड़ी कड़ी सुरक्षा के बीच पत्नी और अपने नवजात बेटियों से मिला

  •  
  • Publish Date - July 1, 2026 / 07:30 PM IST,
    Updated On - July 1, 2026 / 07:30 PM IST

गुरुग्राम, एक जुलाई (भाषा) गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी प्रसव के बाद हरियाणा के गुरुग्राम स्थित एक अस्पताल में भर्ती अपनी पत्नी और नवजात जुड़वा बेटियों से मिलने के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच बुधवार अपराह्न पहुंचा। पुलिस ने यह जानकारी दी।

इससे पहले दिल्ली की रोहिणी अदालत ने जठेड़ी को पत्नी और नवजात बेटियों से मिलने के लिए चार घंटे की अनुमति दी थी। वह पुलिस सुरक्षा के बीच डीएलएफ फेज 3 स्थित नीलकंठ अस्पताल पहुंचा।

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस की एक टीम पूर्वाह्न करीब 11:45 बजे काला जठेड़ी को लेकर गुरुग्राम पहुंची। अस्पताल में गुरुग्राम पुलिस समेत बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। उन्होंने बताया कि इस दौरान अस्पताल के आसपास भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए थे।

काला जठेड़ी सोनीपत जिले के जठेड़ी गांव का निवासी है। उसने 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की और फिर केबल ऑपरेटर के तौर पर काम किया।

पुलिस ने बताया कि उसने 12 मार्च, 2024 को दिल्ली की पूर्व गैंगस्टर अनुराधा चौधरी से शादी की।

उसने बताया कि जठेड़ी पर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में हत्या, फिरौती और जबरन वसूली समेत 30 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

डीएलएफ फेज-3 पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक सुमित कुमार ने बताया, ‘‘दिल्ली पुलिस गैंगस्टर काला जठेड़ी को लेकर अस्पताल पहुंची। पत्नी और बच्चों से मिलाने के बाद दिल्ली पुलिस अपराह्न करीब दो बजे उसे वापस ले गई।’’

भाषा धीरज नरेश

नरेश