गोवा मंत्रिमंडल ने पुस्तकालय नीति को मंजूरी दी

Ads

गोवा मंत्रिमंडल ने पुस्तकालय नीति को मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 06:42 PM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 06:42 PM IST

पणजी, 22 अप्रैल (भाषा) विश्व पुस्तक दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को गोवा मंत्रिमंडल ने पुस्तकालय नीति को मंजूरी दी, जिसका उद्देश्य मौजूदा सुविधाओं को उन्नत करना और लोगों में पढ़ने की आदत को बढ़ावा देना है।

राज्य मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद, मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने संवाददाताओं से कहा कि मौजूदा पुस्तकालयों में ई-पुस्तकालय की व्यवस्था को अमलीजामा पहनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि लगभग सभी पंचायत निकायों में एक-एक पुस्तकालय है, जिसका प्रबंधन कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा किया जाता है।

सावंत ने कहा कि यह नीति इन सभी पुस्तकालयों पर लागू होगी, जिससे नागरिकों में पढ़ने की आदत को बढ़ावा मिलेगा और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें भी उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि मौजूदा पुस्तकालयों को ई-पुस्तकालय की अवधारणा के अनुरूप उन्नत किया जाएगा और पुस्तकालयाध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले चरण में 90 पुस्तकालयों को ई-पुस्तकालयों में परिवर्तित किया जाएगा और इस पर काम शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की एक पहल के तहत 10-12 पुस्तकालयों को पहले ही ई-पुस्तकालय में परिवर्तित किया जा चुका है।

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश