अहमदाबाद, 13 जून (भाषा) अहमदाबाद हवाई अड्डे पर दुबई से आए एक विमान के शौचालय से 4.26 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोना जब्त किया गया है। सीमा शुल्क अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सीमा शुल्क खुफिया इकाई द्वारा जारी बयान के अनुसार, सोना विमान के शौचालय के स्पीकर बॉक्स में छिपाया गया था।
बयान में कहा गया, ‘‘दुबई से अहमदाबाद आए इंडिगो के विमान संख्या 6ई-1478 की शुक्रवार को तलाशी के दौरान 2,799.3 ग्राम वजन के सोने के 24 बिस्कुट, (जिनकी बाजार कीमत 4,26,89,325 रुपये है) बरामद किए गए।’’
अधिकारियों ने बताया कि सोने को दो पैकेट में रखा गया था, जिन्हें काले प्लास्टिक टेप से लपेटकर स्पीकर बॉक्स में छिपाया गया था।
बयान में कहा गया कि ऐसा प्रतीत होता है कि सोना किसी व्यक्ति द्वारा भारत में अवैध रूप से लाए जाने और सीमा शुल्क से बचने के इरादे से छिपाया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि सोने को सीमा शुल्क अधिनियम 1962 के तहत जब्त कर लिया गया और जांच जारी है।
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल