सुशासन हमारी सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री शर्मा

सुशासन हमारी सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री शर्मा

सुशासन हमारी सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री शर्मा
Modified Date: January 15, 2024 / 03:27 pm IST
Published Date: January 15, 2024 3:27 pm IST

जयपुर, 15 जनवरी (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सुशासन को अपनी सरकार की प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को ग्राम पंचायत तक जनसुनवाई सुनिश्चित करने का सोमवार को निर्देश दिया और कहा कि कोई भी पात्र शख्स जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए।

शर्मा ने बांसवाड़ा के उमराई स्थित त्रिपुरा सुंदरी मंदिर परिसर में संभाग स्तरीय अधिकारियों की बैठक में यह बात कही।

आधिकारिक बयान के अनुसार, शर्मा ने कहा, “ प्रदेश में सुशासन हमारी प्राथमिकता है। राज्य सरकार सबके साथ और सबके विश्वास से प्रदेश की प्रगति सुनिश्चित करने की दिशा में अहम निर्णय ले रही है।”

उन्होंने कहा, “सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और फैसलों को धरातल पर उतारकर पात्र व्यक्तियों तक लाभ पहुंचाने में प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए वे अपने लम्बे प्रशासनिक अनुभवों से पूर्ण निष्ठा के साथ जनता के विश्वास को कायम रखें।”

उन्होंने संभाग में संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विकसित भारत संकल्प यात्रा की प्रभावी निगरानी के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा, “ अधिकारी लोगों की सेवा के लिए हमेशा उपलब्ध रहें। सभी पूर्ण समन्वय एवं सहयोगी भावना से काम करें, किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता सामने नहीं आनी चाहिए।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “ लोगों को शिकायतें लेकर जिला मुख्यालय और राजधानी तक नहीं आना पड़े, इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर नियमित जनसुनवाई सुनिश्चित की जाए। गरीब, असहाय और पीड़ितों के पास जाकर उनकी पीड़ा को सुनें। साथ ही, अभावग्रस्त क्षेत्रों में स्वयं पहुंचकर समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें।”

शर्मा ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में शुरू ‘‘विकसित भारत संकल्प यात्रा‘‘ योजनाओं से वंचितों के लिए वरदान साबित हो रही है। राज्य में एक भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित नहीं रहे, यह हम सभी का दायित्व है।”

शर्मा ने कहा, “हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त राजस्थान का संकल्प लिया है। सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। हमने सरकार बनते ही पेपर लीक, गैंगस्टर और भ्रष्टाचार को रोकने के लिए विशेष निर्णय किए जिनका असर दिखने लगा है।”

उन्होंने अधिकारियों को भ्रष्टाचारियों, खनन और भू-माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा, “ राज्य सरकार बांसवाड़ा और सम्पूर्ण आदिवासी क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। यहां की प्रगति के लिए हरसंभव कदम उठाएंगे।” उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं।

इससे पहले शर्मा ने त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में पूजा अर्चना की। उन्होंने माता के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए कामना की।

बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों से मुलाकात कर परिसर में व्यवस्थाओं की जानकारी ली। सदस्यों ने मुख्यमंत्री का पगड़ी, शॉल और माला से स्वागत एवं अभिनंदन किया।

भाषा पृथ्वी नोमान

नोमान


लेखक के बारे में