हज एक पवित्र विषय है, इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए: रीजीजू

Ads

हज एक पवित्र विषय है, इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए: रीजीजू

  •  
  • Publish Date - May 19, 2026 / 03:01 PM IST,
    Updated On - May 19, 2026 / 03:01 PM IST

नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने हज यात्रा के लिए सऊदी अरब गए भारतीय नागरिकों के ठहरने के स्थानों पर अव्यवस्था होने के कुछ विपक्षी नेताओं के आरोपों को लेकर मंगलवार को कहा कि हज एक पवित्र विषय है, जिस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे हजयात्रियों की शिकायतों का तत्काल समाधान करें।

रीजीजू ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘कुछ नेताओं के पोस्ट मैंने देखे हैं, यह ठीक नहीं है…यह कोई राजनीति करने का विषय नहीं है, हज बहुत पवित्र विषय है। यदि हज के दौरान कोई कठिनाई आती है, तो हमारे अधिकारी समाधान के लिए मौजूद हैं।’’

उनका कहना था, ‘‘हम स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं…। हम इस संबंध में पहले ही दो बैठकें कर चुके हैं। किसी भी हजयात्री को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए और अगर किसी को कोई दिक्कत आती है तो उसका तुरंत समाधान किया जाए, हमारा यह स्पष्ट निर्देश है।’’

रीजीजू ने कहा, ‘‘इसके बाद भी कुछ लोग इस मुद्दे पर राजनीति करना चाहते हैं। मुझे बताएं कि क्या हज वास्तव में ऐसा विषय है जिसका राजनीतिकरण किया जाना चाहिए?’’

पिछले दिनों आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर कहा था कि हाजी से लगभग चार लाख रुपये लेने के बावजूद उन्हें बेहद खराब परिस्थितियों में रखा जा रहा है।

कई अन्य लोगों ने भी यह वीडियो साझा किया, जिसमें दावा किया गया था कि अजीजिया (मक्का) में भारतीय हजयात्रियों के कमरों में बाथरूम का पानी जमा हो गया है।

भाषा हक हक अविनाश

अविनाश

शीर्ष 5 समाचार