‘हर घर तिरंगा’ अब एक सशक्त जन-आंदोलन बन गया है: नवीन

Ads

‘हर घर तिरंगा’ अब एक सशक्त जन-आंदोलन बन गया है: नवीन

  •  
  • Publish Date - August 12, 2026 / 09:42 PM IST,
    Updated On - August 12, 2026 / 09:42 PM IST

(फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान एक सशक्त जन अभियान में बदल गया है, जिसमें समाज के हर वर्ग के लोग देश के प्रति गर्व व्यक्त करने के लिए शामिल हो रहे हैं।

नवीन ने यहां कर्तव्य पथ पर ‘तिरंगा यात्रा’ को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा भारत के शौर्य, बलिदान, एकता और आत्मसम्मान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

उन्होंने लोगों से 13, 14 और 15 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने लोगों से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और उसके साथ ‘सेल्फी’ लेने की अपील की।

उन्होंने कहा, ‘‘13, 14 और 15 अगस्त—इन तीन दिनों तक हर घर में तिरंगे के सम्मान को आगे बढ़ाया जाना चाहिए। हमारे घरों पर तिरंगा फहराया जाना चाहिए, उसके साथ ‘सेल्फी’ ली जानी चाहिए और यह संकल्प लिया जाना चाहिए कि हम अपना भविष्य स्वयं बनाएंगे तथा भारत के भविष्य को बनाने और उसे विकसित करने का संकल्प अपनाएंगे।’’

नवीन ने कहा कि भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर के साथ होगा। उन्होंने कहा, ‘‘इस वर्ष लाल किले की प्राचीर से ‘वंदे मातरम्’ की वह गूंज सुनाई देगी।’’

भाजपा प्रमुख ने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाये जाने के बाद से कश्मीर में तिरंगा गर्व के साथ लहरा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘2011 में जब कश्मीर के लाल चौक पर भारत का तिरंगा फहराने को लेकर सवाल उठाए गए थे, तब भारत के करोड़ों युवाओं के दिलों को ठेस पहुंची थी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें खुशी है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटा दिया और आज वहां तिरंगा सम्मान, गर्व और गरिमा के साथ लहराता हुआ दिखाई देता है।’’

उन्होंने इस महीने की शुरुआत में घोषित केंद्र सरकार की ‘सूर्यपथ तिरंगा’ पहल का भी उल्लेख किया।

इस पहल के तहत, भारतीय दूतावास और मिशन पूर्व से पश्चिम की ओर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

नवीन ने कहा, ‘‘यह भारत के बढ़ते प्रभाव और भारत के संकल्प का प्रतीक होगा।’’

कर्तव्य पथ के निकट स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का उल्लेख करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह स्थल लोगों को स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हमारे नेताओं द्वारा दिए गए बलिदानों की याद दिलाता है।

इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद थीं।

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश