गुरुग्राम, 29 अगस्त (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को मेवात कैडर के 1,054 नवनियुक्त प्राथमिक शिक्षकों (पीआरटी) को नियुक्ति पत्र सौंपे। एक अधिकारी ने कहा कि इस कदम का मकसद इलाके में प्राथमिक शिक्षा को मजबूत करना है।
नूंह की अनाज मंडी में आयोजित राज्य-स्तरीय प्रबोधन कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र सौंपे गए। सैनी ने कहा कि इस भर्ती से शिक्षक-छात्र अनुपात में सुधार होगा और मेवात में प्राथमिक शिक्षा का स्तर मजबूत होगा।
उन्होंने इस भर्ती को “युवाओं की योग्यता की जीत” बताया और दावा किया कि भाजपा सरकार ने “पर्ची-खर्ची” व्यवस्था के बिना दो लाख से ज्यादा सरकारी नौकरियां दी हैं।
उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकारों के समय नौकरियां भाई-भतीजावाद, जातिगत आधार, क्षेत्रवाद और ‘पर्ची-खर्ची’ प्रणाली के आधार पर दी जाती थीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद, बिना किसी ‘पर्ची-खर्ची’ के 2 लाख से ज्यादा सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जिससे योग्य युवाओं का आत्म-सम्मान बहाल हुआ है; जबकि पिछली कांग्रेस सरकार ने अपने 10 साल के कार्यकाल में सिर्फ 86,000 सरकारी नौकरियां दी थीं।
उन्होंने पंजाब में भर्तियों में कथित भ्रष्टाचार को लेकर आम आदमी पार्टी की कड़ी आलोचना की।
सैनी ने कहा कि मेवात, जिसे कभी शिक्षा के मामले में पिछड़ा माना जाता था, अब वहां प्रतिभाशाली और बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले छात्रों की संख्या बढ़ रही है।
भाषा प्रशांत अविनाश
अविनाश