जम्मू, 29 मार्च (भाषा) नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने और जबरन वसूली में लिप्त गिरोह से जुड़े मामले में गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में शामिल हरियाणा निवासी एक व्यक्ति की रविवार को पुलिस थाने में कथित तौर पर पेट में तेज दर्द के बाद मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और जम्मू के जिलाधिकारी से मजिस्ट्रेट जांच करने का अनुरोध किया गया है। पुलिस ने यहां एक बयान में यह जानकारी दी।
पुलिस ने शुक्रवार को पांच लोगों को गिरफ्तार करके नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने और जबरन वसूली में लिप्त गिरोह का भंडाफोड़ करने का दावा किया था। पुलिस ने कोलकाता के एक होटल में बंधक बनाकर रखे गए दो पीड़ितों को बचाने के साथ 34 लाख रुपये बरामद किये थे।
जम्मू (दक्षिण) के पुलिस अधीक्षक अजय शर्मा ने बताया कि गिरोह भोले-भाले युवाओं को विदेश में नौकरी दिलाने का लालच देकर उन्हें बंधक बना लेता था और उनके परिवारों से जबरन वसूली करता था।
हरियाणा के पानीपत निवासी परवीन कुमार को जम्मू के गांधीनगर पुलिस थाने में दर्ज एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।
बयान में कहा गया है कि पुलिस हिरासत में लिए गए कुमार को 25 मार्च को कोलकाता से गांधीनगर पुलिस थाना लाया गया था, जहां उन्हें पेट में तेज दर्द के बाद सरकारी अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों के एक बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। बयान में कहा गया है कि मृतक के परिवार को सूचित कर दिया गया है और उनके तथा एक कार्यकारी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पोस्टमार्टम होगा।
पुलिस ने यह भी बताया कि मामले से संबंधित सभी सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूत सुरक्षित रखे जा रहे हैं।
भाषा संतोष नरेश
नरेश