देहरादून में गलती से चली कार्बाइन की गोली से हेड कांस्टेबल की मौत

Ads

देहरादून में गलती से चली कार्बाइन की गोली से हेड कांस्टेबल की मौत

  •  
  • Publish Date - May 26, 2026 / 08:03 PM IST,
    Updated On - May 26, 2026 / 08:03 PM IST

देहरादून, 26 मई (भाषा) ऋषिकेश के पास जॉलीग्रांट हवाई अड्डे पर गार्ड ड्यूटी में तैनात एक पुलिस हेड कांस्टेबल की कथित तौर पर दुर्घटनावश चली कार्बाइन की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार रात रानीपोखरी स्थित हेड कांस्टेबल सुनील के घर पर हुई, जहां वह अपनी पत्नी की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने के बाद पहुंचे थे।

पुलिस ने सुनील के बेटे तुषार के हवाले से बताया कि घर आने के बाद वह आंगन में अपने जूते उतार रहे थे और इसी दौरान उनके नीचे गिरने तथा गोली चलने की आवाज परिजनों को सुनाई दी।

पुलिस के अनुसार, आवाज सुनकर जब परिजन बाहर आए, तो उन्होंने देखा कि वह जमीन पर गिरे हुए थे तथा उनके शरीर से खून बह रहा था।

पुलिस ने बताया कि घटना के समय घर में तुषार के अलावा सुनील की बेटी और पत्नी मौजूद थीं।

सुनील को तत्काल जॉलीग्रांट अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस अस्पताल पहुंची। बाद में मृतक के घर पहुंचकर वीडियोग्राफी, फोटोग्रॉफी और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

सुनील देहरादून पुलिस लाइन में तैनात थे और जॉलीग्रांट हवाई अड्डे पर स्थित अतिथि गृह में डयूटी कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक, सुनील वहीं रहते थे और पत्नी की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर घर पहुंचे थे।

भाषा

दीप्ति पारुल

पारुल