शिमला, 17 जुलाई (भाषा) मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश पुलिस में आरक्षी के तौर पर शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए व्यापक मुफ्त प्रशिक्षण, शारीरिक अभ्यास प्रशिक्षण और मार्गदर्शन कार्यक्रम की घोषणा की है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह पहल राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और उन्हें भर्ती प्रक्रिया में सफल होने के लिए जरूरी कौशल और तैयारी से लैस करने के मकसद से शुरू की गई है।
यह फैसला हिमाचल प्रदेश पुलिस में आरक्षी के 800 पदों पर भर्ती के लिए हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से नौ जुलाई को जारी विज्ञापन के बाद किया गया है।
यहां जारी एक बयान के अनुसार, सुक्खू ने पुलिस महानिदेशक को राज्य भर की सभी सशस्त्र पुलिस बटालियनों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया है।
इस कार्यक्रम में लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी के लिए मुफ़्त कोचिंग, भर्ती प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी, व्यक्तित्व विकास, प्रेरणादायक सत्र और अनुभवी पुलिस अधिकारियों एवं पेशेवर प्रशिक्षकों द्वारा मार्गदर्शन शामिल होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल यह सुनिश्चित करने के लिए है कि आर्थिक या भौगोलिक बाधाओं के बावजूद, हर योग्य उम्मीदवार को प्रतिस्पर्धा का समान अवसर मिले।
भाषा
राजकुमार अविनाश
अविनाश