ऊना (हिमाचल प्रदेश), 11 जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के दुलैहड़ गांव में एक युवक ने अपनी मां के साथ गाली-गलौज का विरोध करने पर अपनी बहन पर आरी से कथित तौर पर हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
जब शोर-शराबा सुनकर आरोपी के अन्य दो रिश्तेदार बीच-बचाव करने आए, तो उसने उनके साथ भी मारपीट की।
पुलिस में दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में 22 वर्षीय पीड़ित युवती ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब सात बजे जब वह घर में ब्रश कर रही थी, तभी उसका भाई किसी बात को लेकर अपनी मां के साथ दुर्व्यवहार और गाली-गलौज करने लगा।
पुलिस के अनुसार, ‘जब बहन ने अपने भाई को समझाने और मां के साथ बदसलूकी न करने की बात कही, तो आरोपी आगबबूला हो गया। इस दौरान हुई बहस के बाद उसने अचानक वहां रखी आरी उठा ली और अपनी बहन पर हमला कर दिया।’
अधिकारियों ने बताया कि इस हमले में युवती के कान के पास गंभीर चोट आई है। उसकी चीख-पुकार सुनकर उनके परिवार की एक बुजुर्ग महिला मौके पर पहुंची और बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। इस बीच-बचाव के दौरान परिवार के एक अन्य सदस्य को भी चोटें आईं।
पुलिस ने बताया कि शोर सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने घायल युवती को तुरंत दुलैहड़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत स्वेच्छा से चोट पहुंचाने, गलत तरीके से रोकने और शांति भंग करने का मामला दर्ज कर लिया गया है।
भाषा सुमित माधव
माधव