कोलकाता में लगातार बारिश से आसपास के इलाकों में परेशानी, जलभराव और यातायात जाम से जनजीवन प्रभावित

Ads

कोलकाता में लगातार बारिश से आसपास के इलाकों में परेशानी, जलभराव और यातायात जाम से जनजीवन प्रभावित

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 11:39 AM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 11:39 AM IST

कोलकाता, 17 अगस्त (भाषा) कोलकाता और आसपास के इलाकों में सोमवार तड़के हुई लगातार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ और जगह-जगह जलभराव के कारण कार्यालय जाने के समय में यातायात जाम की समस्या और बढ़ गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि तटीय पश्चिम बंगाल और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के, मंगलवार तक गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल से होते हुए झारखंड की ओर बढ़ने की संभावना है।

पूर्व मेदिनीपुर जिले के हल्दिया में सोमवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 134 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। इसी अवधि में तटीय शहर दीघा में 113 मिमी और दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर में 112 मिमी बारिश दर्ज की गई।

रात से लगातार हो रही बारिश के कारण कोलकाता और आसपास के साल्ट लेक तथा हावड़ा के कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव हो गया।

इस सप्ताह के पहले कामकाजी दिन सुबह सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में कमी और यातायात जाम के कारण स्कूली बच्चों तथा कार्यालय जाने वाले लोगों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और बांकुड़ा जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। वहीं, पूर्व मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना, पुरुलिया, हावड़ा, हुगली, पूर्व और पश्चिम बर्धमान जिलों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा