भारत ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया

Ads

भारत ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया

  •  
  • Publish Date - August 4, 2026 / 06:38 PM IST,
    Updated On - August 4, 2026 / 06:38 PM IST

नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) भारत ने मंगलवार को कहा कि उसने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को बिम्सटेक के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के ‘आउटरिच सत्र’ में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।

भारत 12 और 13 सितंबर को नयी दिल्ली में वार्षिक ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। सम्मेलन में पश्चिम एशिया संकट के आर्थिक प्रभाव सहित कई वैश्विक चुनौतियों पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि फरवरी में शीर्ष पद संभालने के बाद रहमान को भारत की द्विपक्षीय यात्रा के लिए भी निमंत्रण दिया गया था।

उन्होंने नियमित प्रेस वार्ता में कहा, ‘ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के संबंध में भारत ने बिम्सटेक के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में शामिल होने का अलग से निमंत्रण दिया है।’

जायसवाल ने कहा कि यह निमंत्रण ब्रिक्स के आउटरीच सत्र के लिए अपनाई जाने वाली सामान्य प्रक्रिया के तहत दिया गया है। उन्होंने कहा कि अन्य क्षेत्रीय संगठनों के प्रमुखों को भी इसी प्रकार आमंत्रित किया गया है।

वर्तमान में भारत ब्रिक्स का अध्यक्ष है और इस शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।

सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सहित कई शीर्ष नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

ब्रिक्स की शुरुआत ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के समूह के रूप में हुई थी। वर्ष 2024 में इसमें मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हुए, जबकि 2025 में इंडोनेशिया इसका सदस्य बना।

यह समूह दुनिया की 11 प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं का प्रतिनिधित्व करता है जिनकी वैश्विक आबादी में लगभग 49.5 प्रतिशत, वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में लगभग 40 प्रतिशत और वैश्विक व्यापार में लगभग 26 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

भारत ने ब्रिक्स से बाहर के कई देशों के नेताओं को भी शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है।

बिम्सटेक (बंगाल की खाड़ी बहु-क्षेत्रीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग पहल) में भारत, श्रीलंका, थाईलैंड, बांग्लादेश, म्यांमा, नेपाल और भूटान सदस्य देश हैं।

भाषा

राखी नरेश

नरेश