कैथल, एक जून (भाषा) इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने सोमवार को हरियाणा में राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया और ईंधन की कीमतों में हाल ही में हुई ‘भारी बढ़ोतरी’ को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
पार्टी ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में हुई इस वृद्धि ने आम आदमी की कमर तोड़कर रख दी है।
कैथल में प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में हाल ही में ‘भारी’ बढ़ोतरी देखी गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि हाल के दिनों में सीमेंट, रेत, बजरी और अन्य निर्माण सामग्रियों के दाम भी बढ़ गए हैं।
माजरा ने कहा, ‘सरकार महंगाई पर काबू पाने में पूरी तरह नाकाम रही है, जिसके कारण आम जनता परेशान है और खुद को असहाय महसूस कर रही है।’
उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और अन्य रोजमर्रा की जरूरी चीजों की कीमतों में वृद्धि ने आम परिवारों के लिए घर चलाना बेहद मुश्किल कर दिया है।
कैथल के पिहोवा चौक पर इनेलो की महिला कार्यकर्ताओं ने ईंधन की कीमतों में हुई इस बेतहाशा बढ़ोतरी के खिलाफ अपना कड़ा विरोध दर्ज कराने के लिए सड़क पर मटके फोड़े।
कैथल समेत राज्य के कई अन्य हिस्सों में इनेलो की महिला कार्यकर्ता सिर पर हरे रंग के मटके रखकर नारेबाजी करती नजर आईं, जबकि पुरुष कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे और पोस्टर हाथों में लेकर मार्च निकाला।
इस राज्यव्यापी प्रदर्शन के तहत हिसार में इनेलो संरक्षक संपत सिंह, पलवल में पार्टी विधायक आदित्य देवीलाल, रोहतक में विधायक अर्जुन चौटाला और फतेहाबाद जिले में इनेलो की महिला शाखा की प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला ने विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया।
भाषा सुमित नरेश
नरेश