दक्षिण पूर्वी दिल्ली में आईआरएस अधिकारी की बेटी की बलात्कार के बाद हत्या

Ads

दक्षिण पूर्वी दिल्ली में आईआरएस अधिकारी की बेटी की बलात्कार के बाद हत्या

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 04:49 PM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 04:49 PM IST

नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पॉश कैलाश हिल्स इलाके में भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के वरिष्ठ अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की बुधवार सुबह कथित तौर पर बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, युवती अपने घर के एक कमरे में मृत मिली। उसके परिवार के सदस्यों ने उसका शव देखा।

सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा की तैयारी कर रही युवती का यौन उत्पीड़न किया गया और फिर मोबाइल फोन के चार्जर की केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।

उन्होंने बताया कि घटना के वक्त युवती घर में अकेली थी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना तड़के घटी होगी, जब उसके माता-पिता जिम गए हुए थे और वह घर में अकेली थी। जांचकर्ताओं को संदेह है कि आरोपी ने इसी थोड़े समय का फायदा उठाकर घर में प्रवेश किया और अपराध को अंजाम दिया।

पुलिस के मुताबिक, घर का पूर्व घरेलू सहायक राहुल मीणा (19) मुख्य संदिग्ध है। उसने घर में करीब आठ महीने तक काम किया, लेकिन दैनिक खरीद बिलों में हेराफेरी के आरोप में लगभग एक महीने पहले उसे काम से निकाल दिया गया था।

सूत्रों के अनुसार, मीणा घर से पूरी तरह वाकिफ है, जिसमें घर का डिजाइन और परिवार के सदस्यों की दिनचर्या भी शामिल है। आरोप है कि उसे पता था कि पीड़ित के माता-पिता कब टहलने या जिम जाते हैं।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी सुबह करीब छह बजे घर में घुसा, युवती पर हमला किया और उसका यौन उत्पीड़न किया। इस दौरान युवती को कथित तौर पर लाठी से पीटा गया, जिससे उसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं।

इसके बाद हमलावर ने मोबाइल चार्जिंग केबल से उसका गला घोंट दिया और फिर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि मीणा घटना के बाद से लापता है और उसे ढूंढने और गिरफ्तार करने के लिए तलाश अभियान शुरू कर दिया गया है। वह कुछ दिन पहले भी घर के बाहर देखा गया था।

पुलिस ने यह भी बताया कि पुलिस ने इलाके में एक कार क्लीनर और इलाके के एक घरेलू सहायक सहित दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘आरोपी फरार है और उसे पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं और सबूत जुटा रहे हैं।’

इस घटना ने इस पॉश रिहायशी इलाके में दहशत फैला दी है। स्थानीय लोगों ने इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है।

मामला दर्ज कर लिया गया है और फोरेंसिक टीमों ने घटनास्थल से सबूत जुटा लिए हैं। जांचकर्ता आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रहे हैं और उन लोगों से पूछताछ कर रहे हैं जिनका आरोपी से संपर्क हो सकता है।

पुलिस ने कहा कि घटनाओं के क्रम का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

भाषा नोमान

नोमान नरेश

नरेश