बढ़ सकती है योगी आदित्यनाथ की मुश्किलें, IUML ने की निर्वाचन आयोग से शिकायत

Ads

बढ़ सकती है योगी आदित्यनाथ की मुश्किलें, IUML ने की निर्वाचन आयोग से शिकायत

  •  
  • Publish Date - April 6, 2019 / 10:52 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:47 PM IST

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर जहां एक ओर राजनीतिक दलों के नेता अपनी जीत सुनिश्चित करने लगातार जनसभा कर जनता के बीच अपनी पैठ बनाने में लगे हुए हैं, वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की मुश्किलें लगातार बढ़ रही है। अब मुस्लिम लीग ने योगी आदित्यनाथ के खिलाफ निर्वाचन आयोग से शिकायत की है। बता दें इससे पहले योगी को निर्वाचन आयोग ने नोटिस जारी कर अपने भाषण के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह दी थी।

मुस्लिम लीग के राष्ट्रीय सचिव खुर्रम अनीस उमर ने कहा, वायनाड में राहुल गांधी ने पाकिस्तान का झंडा नहीं लहराया था। ये बात बिल्कुल गलत है। हमने योगी आदित्यनाथ और दिल्ली में विधायक एमएस सिरसा के खिलाफ निर्वाचन आयोग से शिकायत की है। उन्होंने हमें वायरस बताया था।

गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को ट्विटर पर लिखा था कि मुस्लिम लीग एक वायरस है। एक ऐसा वायरस जिससे कोई संक्रमित हो गया तो वो बच नहीं सकता और आज तो मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ही इससे संक्रमित हो चुका है। सोचिए अगर ये जीत गए तो क्या होगा ? ये वायरस पूरे देश मे फैल जाएगा। 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में मंगल पांडे के साथ पूरा देश अंग्रेजों के खिलाफ मिल कर लड़ा था, फिर ये मुस्लिम लीग का वायरस आया और ऐसा फैला कि पूरे देश का ही बंटवारा हो गया। आज फिर वही खतरा मंडरा रहा। हरे झण्डे फिर से लहर रहे। कांग्रेस मुस्लिम लीग वायरस से संक्रमित है, सावधान रहिए।