जयपुर साहित्य उत्सव 15 जनवरी से होगा शुरू

Ads

जयपुर साहित्य उत्सव 15 जनवरी से होगा शुरू

  •  
  • Publish Date - January 12, 2026 / 09:35 PM IST,
    Updated On - January 12, 2026 / 09:35 PM IST

जयपुर, 12 जनवरी (भाषा) जयपुर साहित्य उत्सव के 19वें संस्करण की शुरुआत 15 जनवरी से होगी जिसमें देश-विदेश के 400 से अधिक वक्ता भाग लेंगे। जयपुर साहित्य उत्सव का आयोजन करने वाली कंपनी ‘टीमवर्क आर्ट्स’ के प्रबंध निदेशक संजॉय के. रॉय ने सोमवार को यह जानकारी दी।

रॉय ने संवादाता सम्मेलन में बताया कि इस बार भारत के पड़ोसी देशों जैसे बांग्लादेश एवं पाकिस्तान की स्थिति पर भी 10 से 12 सत्र होंगे।

उन्होंने कहा कि उत्सव के दौरान साहित्य, राजनीति, विज्ञान एवं कला जगत के दिग्गज एक मंच पर जुटेंगे।

19 जनवरी तक चलने वाले साहित्य के इस उत्सव में ‘वर्ल्ड वाइड वेब’ के जनक टिम बर्नर्स ली, गीतकार एवं लेखक जावेद अख्तर, अभिनेत्री जीनत अमान, लेखिका किरण देसाई, भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन, लेखिका एवं समाजसेवी सुधा मूर्ति, शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथ आनंद, ‘स्टैंड-अप कॉमेडियन’ वीरदास सहित देश-विदेश के 400 से अधिक वक्ता शामिल होंगे। इसके अलावा इस उत्सव में महात्मा गांधी के पोते गोपाल कृष्ण गांधी भी शिरकत करेंगे।

रॉय ने बताया कि जयपुर साहित्य उत्सव में हिंदी, राजस्थानी और संस्कृत भाषा पर जोर दिया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने महाकवि कन्हैया लाल सेठिया काव्य पुरस्कार 2026 के विजेता की भी घोषणा की। इस बार का कन्हैया लाल सेठिया पुरस्कार कवि एवं लेखक यतीन्द्र मिश्र को मिलेगा। इस पुरस्कार के तहत एक लाख रुपए की नकद राशि दी जाएगी और इसे 17 जनवरी को प्रदान किया जाएगा। साहित्य उत्सव में शास्त्रीय एवं लोक नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी।

भाषा बाकोलिया सिम्मी

सिम्मी