जम्मू, 20 जुलाई (भाषा) जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सोमवार को नयी दिल्ली में आयोजित नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए रवाना हुए।
यह प्रदर्शन ऐसे समय में आयोजित किया जा रहा है जब आज संसद का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। इस प्रदर्शन की अगुवाई नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला करेंगे।
पार्टी के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हमारे अध्यक्ष के नेतृत्व में राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन सोमवार सुबह 5, पृथ्वीराज रोड से शुरू होगा। पार्टी के सभी नेता, विधायक और निर्वाचित जनप्रतिनिधि पहले वहीं एकत्र होंगे और इसके बाद एक साथ आगे बढ़ेंगे।’’
उमर अब्दुल्ला अपने पिता के साथ शनिवार को दिल्ली पहुंचे थे, लेकिन पुंछ-राजौरी क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ और इस केंद्रशासित प्रदेश में 23 जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश के पूर्वानुमान के बीच उन्होंने अपना दौरा बीच में ही छोड़ दिया और रविवार को जम्मू लौटकर उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।
पार्टी के एक नेता ने बताया कि मुख्यमंत्री सोमवार सुबह प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना हो गए।
भाषा तान्या गोला
गोला