जम्मू कश्मीर के पुंछ में संदिग्धों की गतिविधि दिखाई देने के बाद चला तलाशी अभियान
जम्मू कश्मीर के पुंछ में संदिग्धों की गतिविधि दिखाई देने के बाद चला तलाशी अभियान
जम्मू, 30 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के एक सुदूर गांव में दो संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधि की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया है। सुरक्षा बल के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि काले रंग के कपड़े पहने, हथियारबंद दो संदिग्धों को सोमवार देर रात देहरा की गली के पास सलामपुरा गांव में घूमते देखा गया।
सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने राष्ट्रीय राइफल्स और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की सहायता से संयुक्त अभियान शुरू किया।
उन्होंने बताया कि संदिग्ध आतंकवादियों को निचले पंगाई इलाके की ओर बढ़ते देखा गया। उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान जारी है, लेकिन फिलहाल संदिग्धों का पता नहीं लग सका है।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने मंगलवार की सुबह पुंछ के सुरनकोट इलाके के सनाई, जंगल, पट्टन और आसपास के गांवों तथा किश्तवाड़ जिले के द्राबशल्ला इलाके के बांगर-सरूर जंगल में तलाशी अभियान चलाया।
भाषा यासिर मनीषा
मनीषा

Facebook


