जम्मू : बनिहाल अस्पताल में ताला लगाने के आरोप में भाजपा नेता को हिरासत में लिया गया

Ads

जम्मू : बनिहाल अस्पताल में ताला लगाने के आरोप में भाजपा नेता को हिरासत में लिया गया

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 08:20 PM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 08:20 PM IST

बनिहाल/जम्मू, 22 अप्रैल (भाषा) जम्मू कश्मीर के बनिहाल में बुधवार को चिकित्सकों की कथित कमी के विरोध के दौरान एक सरकारी अस्पताल के मुख्य द्वार पर ताला लगाने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उन्हें कई घंटों तक पुलिस हिरासत में रखा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि रामबन जिले के बनिहाल इलाके में पार्टी के कार्यालय से मोहम्मद सलीम भट को हिरासत में लिया गया।

भट के खिलाफ स्थानीय थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किए गए एक मामले के आधार पर उक्त कार्रवाई की गई।

अधिकारियों के अनुसार, सलीम भट को बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया।

पिछले विधानसभा चुनाव में बनिहाल निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके भट ने मंगलवार को चिकित्सकों की कमी का आरोप लगाते हुए उप-जिला अस्पताल बनिहाल के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया था और परिसर के भीतर धरना देकर हंगामा किया था।

उप-मंडलीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) मोहम्मद नसीब मामले की सूचना मिलने पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। उनके बार-बार अनुरोध करने के बावजूद करीब आधे घंटे तक वहां अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

अस्पताल अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मरीजों की देखभाल सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित नहीं हुईं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में अस्पताल में एक ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी और 12 चिकित्सक तैनात हैं।

भाषा

प्रचेता माधव

माधव