रांची, 26 अगस्त (भाषा) लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा-रामविलास) ने बुधवार को झारखंड विधानसभा में पार्टी के एकमात्र विधायक जनार्दन पासवान को प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया।
पासवान, झारखंड विधानसभा में चतरा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। पासवान ने सोशल मीडिया मंच पर एक पोस्ट में कहा, “मैं नई जिम्मेदारी के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का आभार व्यक्त करता हूं। मेरे लिए यह केवल एक पद नहीं बल्कि पार्टी, उसके कार्यकर्ताओं और जनता द्वारा जताए गए विश्वास की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।”
उन्होंने कहा कि वह राज्य में पार्टी को मजबूत करने और जनता की आवाज उठाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
लोजपा (रामविलास) के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बीरेंद्र प्रधान को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
प्रधान ने कहा कि वह संगठन के विस्तार और नई पीढ़ी को पार्टी से जोड़ने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।
उन्होंने कहा, “दिवंगत रामविलास पासवान के आदर्श मेरी राजनीतिक प्रेरणा रहे हैं। मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करता रहूंगा।”
भाषा जितेंद्र पवनेश
पवनेश