पणजी, 20 जुलाई (भाषा) गोवा में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले 40 सदस्यीय विधानसभा के सदस्यों की संख्या घटकर 38 रह गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक जेनिफर मोन्सेरेट के निधन के बाद सदन में पार्टी की संख्या भी घटकर 26 रह गई है।
उत्तर गोवा जिले में पणजी के निकट स्थित तालेगांव विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीन बार विधायक रहीं जेनिफर मोन्सेरेट (56) का लंबी बीमारी के बाद रविवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।
सूत्रों ने बताया कि ईसाई धर्म की अनुयायी जेनिफर का अंतिम संस्कार सोमवार को पणजी के सेंट इनेज में हिंदू रीति-रिवाजों से किया जाएगा।
परिवार के करीबी सहयोगी और पणजी नगर निगम (सीसीपी) के पूर्व महापौर उदय मडकईकर ने बताया कि जेनिफर ने अपनी इच्छा व्यक्त की थी कि उनका अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार किया जाए।
मोन्सेरेट जुलाई 2019 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं। इसके बाद उन्होंने प्रमोद सावंत के नेतृत्व वाली राज्य सरकार में मंत्री के रूप में भी कार्य किया था।
उनके निधन और पिछले वर्ष अक्टूबर में पोंडा से विधायक रवि नाइक के निधन के बाद गोवा विधानसभा के सदस्यों की संख्या घटकर 38 रह गई है।
विधानसभा में भाजपा के विधायकों की संख्या अब 26 रह गई है। हालांकि, पार्टी को अब भी तीन निर्दलीय विधायकों और महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के दो विधायकों का समर्थन प्राप्त है। इसके साथ ही सत्तारूढ़ गठबंधन की प्रभावी संख्या 31 हो जाती है।
विपक्ष के पास कुल सात विधायक हैं। इनमें कांग्रेस के तीन, आम आदमी पार्टी (आप) के दो तथा गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) और रिवोल्यूशनरी गोअन्स पार्टी (आरजीपी) का एक-एक विधायक शामिल है।
बंबई उच्च न्यायालय की गोवा पीठ ने इस वर्ष अप्रैल में भारत निर्वाचन आयोग को पोंडा विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव कराने से रोक दिया था। अदालत ने कहा था कि अगला विधानसभा चुनाव मार्च 2027 से पहले होना है और उसमें अब केवल कुछ ही महीने शेष हैं।
जेनिफर मोन्सेरेट के पति अतानासियो मोन्सेरेट वर्तमान में प्रमोद सावंत मंत्रिमंडल में मंत्री हैं, जबकि उनके पुत्र रोहित मोन्सेरेट पणजी नगर निगम के महापौर हैं।
भाषा गोला माधव
माधव