रांची, 22 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता ऋतु चौधरी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर महिला आरक्षण के मुद्दे पर देश में झूठ और गलत सूचना फैलाने का आरोप लगाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा महिला आरक्षण के नाम पर लाया गया परिसीमन विधेयक सदन में विपक्ष ने गिरा दिया।
चौधरी ने पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा, “कांग्रेस को बदनाम करने के प्रयास किए जा रहे हैं। भाजपा देश में मनमाने ढंग से परिसीमन लागू करना चाहती है। संसद में पेश किया गया परिसीमन विधेयक देश को तोड़ने के उद्देश्य से लाया गया था। विपक्ष ने महिला आरक्षण की आड़ में लाए गए परिसीमन विधेयक को गिरा दिया।”
उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन विधेयक का पूर्वोत्तर के राज्यों, गोवा और दक्षिणी राज्यों पर बड़ा प्रभाव पड़ता।
उन्होंने कहा, “इस विधेयक के जरिए इन राज्यों की सीटें घटाई जानी थीं, जबकि उन राज्यों में सीटें बढ़ाई जानी थीं जहां भाजपा का प्रभाव है।”
चौधरी ने कहा कि विपक्ष ने 2023 में महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन किया था और इसे पारित कराने में मदद की थी लेकिन सरकार की मंशा ठीक नहीं थी, इसी कारण इसे 2024 के चुनाव से पहले अधिसूचित या लागू नहीं किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया, “केंद्र सरकार देश की महिलाओं को धोखा दे रही है और जनता से झूठ बोल रही है। महिलाओं के आरक्षण के नाम पर लाया गया परिसीमन विधेयक विपक्ष ने गिरा दिया।”
भाषा
राखी मनीषा
मनीषा