झारखंड : चोरी की कोशिश करने के संदेह में भीड़ ने एक व्यक्ति को पीटकर मार डाला

Ads

झारखंड : चोरी की कोशिश करने के संदेह में भीड़ ने एक व्यक्ति को पीटकर मार डाला

  •  
  • Publish Date - February 22, 2026 / 04:31 PM IST,
    Updated On - February 22, 2026 / 04:31 PM IST

मेदिनीनगर (झारखंड), 22 फरवरी (भाषा) झारखंड के पलामू जिले में वाहन से बैटरी चुराने की कोशिश करने के संदेह में भीड़ ने 22 वर्षीय एक युवक को कथित तौर पर पीटकर मार डाला। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।

यह घटना शनिवार देर रात पड़वा थाना क्षेत्र के तेलियाही गांव में हुई। मृतक की पहचान पवन राम के रूप में हुई है, जो इसी थाना क्षेत्र के मुरमा गांव का निवासी था।

पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शनिवार रात करीब 12:30 बजे सूचना मिली कि वाहन की बैटरी चुराने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया है।

उन्होंने बताया कि गश्ती दल मौके पर पहुंचा और पाया कि पीड़ित को ग्रामीणों ने बांधकर बुरी तरह पीटा था।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने उसे बचाया और पास के अस्पताल ले गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस ने अब तक एक आरोपी को हिरासत में लिया है। यह भी संदेह है कि पीड़ित अपनी प्रेमिका से मिलने वहां गया होगा और ग्रामीणों ने उसे ट्रैक्टर की बैटरी चुराने की कोशिश के शक में पकड़ लिया। विस्तृत जांच जारी है।’’

मेदिनीनगर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) राजेश कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान पारसनाथ मेहता (35) के रूप में हुई है और अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया गया है।

एसडीपीओ ने बताया कि यह भीड़ द्वारा पीट-पीट कर हत्या का स्पष्ट मामला है और पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(2) और अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप