गुमला, एक अप्रैल (भाषा) झारखंड के गुमला जिले में एक संदिग्ध प्रेम त्रिकोण के सिलसिले में 45 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार को चैनपुर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत छिछवानी गांव में घटी जब कामिल टोप्पो ने उस व्यक्ति पर हमला किया।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान राजेंद्र कुमार मिंज के रूप में हुई है।
गुमला एसपी हारिस बिन ज़मान ने कहा, ‘आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वह फरार है। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि मिंज की हत्या किसी प्रेम प्रसंग के कारण हुई है। हालांकि, मामले की गहन जांच की जा रही है।’
यह घटना तब घटी जब मिंज अपनी बेटी के साथ खेत से घर लौट रहा था।
ग्रामीणों का आरोप है कि मृतक का किसी महिला के साथ विवाहेत्तर संबंध था और टोप्पो का भी उसी महिला के साथ प्रेम संबंध था।
भाषा तान्या नरेश
नरेश