झारखंड: यौन शोषण के प्रयास में विफल रहने पर व्यक्ति ने चार साल के बच्चे की हत्या की

Ads

झारखंड: यौन शोषण के प्रयास में विफल रहने पर व्यक्ति ने चार साल के बच्चे की हत्या की

  •  
  • Publish Date - February 28, 2026 / 05:26 PM IST,
    Updated On - February 28, 2026 / 05:26 PM IST

चाईबासा (झारखंड), 28 फरवरी (भाषा) झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में चार साल के बच्चे की हत्या करने के आरोप में शनिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अनुमंडल पुलिस अधिकारी (सदर चाईबासा) बहमन टूटी ने बताया कि आरोपी की पहचान चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के उलीडीह गांव निवासी देवेंद्र बोदरा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यौन उत्पीड़न करने के लिए बच्चे का अपहरण किया और बाद में उसकी हत्या कर दी।

अधिकारी के अनुसार, जब बच्चे ने उसके कृत्यों का विरोध करते हुए चिल्लाना शुरू किया तो आरोपी ने उसपर पत्थर से हमला कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खूंटपानी गांव की निवासी पीड़ित बच्चे की मां, बलेमा हेमब्रम ने 26 फरवरी को बेटे के लापता होने के बाद अपहरण का मामला दर्ज कराया था।

शिकायत मिलने पर, पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित रेणु ने आरोपी को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया।

मुफस्सिल थाना के प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज, खुफिया व तकनीकी जानकारी की मदद से आरोपी बोदरा को चक्रधरपुर से गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारी बहमन टूटी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र की चिगुट्टू पहाड़ी से बच्चे का शव बरामद किया।

उनके अनुसार, देवेंद्र ने पुलिस को बताया कि जब उसने बच्चे का यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की तो उसने उसके कृत्यों का विरोध किया और चिल्लाने लगा जिसके बाद उसने उसे (बच्चे को) पत्थर से कुचल दिया।

भाषा

प्रचेता माधव

माधव