सरायकेला, 25 अप्रैल (भाषा) झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में हाथियों के झुंड के हमले में एक महिला और उसकी नाबालिग बेटी की मौत हो गई, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोडो पंचायत के हादत गांव में शुक्रवार देर रात उस समय घटी, जब जंगली हाथियों का एक झुंड गांव में घुस आया और कुछ घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
उन्होंने बताया कि एक परिवार के पांच सदस्य मलबे के नीचे दब गए।
अधिकारी ने बताया कि चीखें सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए, लेकिन हिंसक हाथियों का पीछा करने की हिम्मत नहीं कर पाए।
इचागढ़ थाना प्रभारी अधिकारी बजरंग महतो ने बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और दो शव बरामद किए, जबकि दो घायलों को आज (शनिवार) सुबह पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान 36-वर्षीय चीना देवी और उनकी 13-वर्षीय बेटी अमिता बाला के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि चीना देवी के सास-ससुर घायल हो गया और उन्हें बाद में जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया कि एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि वन अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को एक-एक लाख रुपये और घायलों को 10,000 रुपये की अंतरिम सहायता राशि प्रदान की है।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश