रामगढ़, एक जुलाई (भाषा) झारखंड के रामगढ़ जिले में जमीन विवाद को लेकर एक सरकारी अधिकारी की हत्या के मामले में एक ही परिवार के चार लोगों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान 53 वर्षीय बालेश्वर पटेल के रूप में हुई है, जो गिरिडीह जिले में उप-पंजीयक के पद पर तैनात थे।
यह घटना मंगलवार को मांडू थाना क्षेत्र के बलसगरा (राबोध) गांव में हुई।
रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान संतोष कुमार साव (35), उसके पिता रामू साव (72), मां शकुंतला देवी (60) और पत्नी रूबी कुमारी के रूप में हुई है। अन्य तीन आरोपी विनय कुमार (24), पूजा कुमारी (36) और लक्ष्मी देवी उर्फ डॉली कुमारी (25) हैं।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को रामगढ़ जिले में जमीन विवाद को लेकर रिश्तेदारों ने कथित तौर पर पटेल की लाठी-डंडों और पत्थरों से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
रामगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आलोक रंजन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “पटेल का कुछ लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को वह उस विवादित जमीन पर पहुंचे, जहां निर्माण सामग्री रखी हुई थी। इसी दौरान कहासुनी हो गई, जिसके बाद उन पर कथित तौर पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया गया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।”
अधिकारी ने बताया कि उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने घटनास्थल से खून से सनी ईंट और बांस का डंडा बरामद किया है, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर हत्या में किया गया था।
एसपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा तान्या रंजन
रंजन