रांची, 29 मार्च (भाषा) झारखंड के रांची और साहिबगंज जिलों में रविवार को अलग-अलग सड़क हादसों में चार-वर्षीय एक लड़के सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अंगारा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत चमघाटी में एक ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे दो भाइयों की मौत हो गई। यह इलाका रांची से लगभग 48 किलोमीटर दूर है।
अनगड़ा पुलिस थाना के प्रभारी गौतम कुमार रजवार ने बताया, ‘‘दोनों मृतकों के शव रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये गये हैं।’’
रजवार ने बताया कि वे सभी घर लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अनिल महतो (28) और प्रभात महतो (35) के रूप में हुई है। दोनों इसी थाना क्षेत्र के नवडीह गांव के निवासी थे।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर पश्चिम बंगाल का था। वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। ट्रक को जब्त कर लिया गया है।
एक अन्य घटना में, राजमहल-साहिबगंज चौराहे पर बुधबारिया गांव में एक अज्ञात बाइक सवार की टक्कर से चार साल के एक बच्चे की मौत हो गई।
राजमहल पुलिस थाने के प्रभारी हसनैन अंसारी ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ और बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
भाषा राखी सुरेश
सुरेश