जम्मू-कश्मीर: उपराज्यपाल सिन्हा ने नागरिकों से नशा मुक्ति अभियान में शामिल होने का आह्वान किया

Ads

जम्मू-कश्मीर: उपराज्यपाल सिन्हा ने नागरिकों से नशा मुक्ति अभियान में शामिल होने का आह्वान किया

  •  
  • Publish Date - May 19, 2026 / 04:31 PM IST,
    Updated On - May 19, 2026 / 04:31 PM IST

श्रीनगर, 19 मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को लोगों से मादक पदार्थों के खिलाफ निर्णायक प्रहार करने और युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाने के लिए मादक पदार्थ से संबद्ध आतंकवादी नेटवर्क को ध्वस्त करने में सहयोग देने का आह्वान किया।

उपराज्यपाल के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा 100 दिवसीय ‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान’ मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले पहुंचा, जहां सिन्हा ने एक विशाल पदयात्रा की अगुवाई की और केंद्र शासित प्रदेश से मादक पदार्थों के अभिशाप को समाप्त करने का संकल्प लिया।

उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘आज, मैं पुलवामा में मादक पदार्थों के खिलाफ जन आंदोलन में शामिल हुआ और नागरिकों को संबोधित किया। मैंने अपने भाइयों और बहनों से मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ अंतिम प्रहार करने का आग्रह किया, ताकि हम सब मिलकर मादक पदार्थों से संबद्ध आतंकवादी नेटवर्क को ध्वस्त कर सकें और अपनी युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचा सकें।’

उन्होंने कहा कि 11 अप्रैल को अभियान शुरू होने के बाद से पिछले एक महीने में जम्मू-कश्मीर में व्यापक जन-जागरण हुआ है।

उन्होंने कहा, ‘बारामूला में मैंने हजारों लोगों को मादक पदार्थों के खिलाफ आवाज उठाते देखा। इसी तरह, जम्मू, सांबा, उधमपुर, कठुआ, श्रीनगर और अन्य जिलों में मैंने युवाओं और अभिभावकों को इस लड़ाई के प्रति दृढ़ता से प्रतिबद्ध देखा।’

यह अभियान 11 अप्रैल को जम्मू के एम ए स्टेडियम से उपराज्यपाल के नेतृत्व में एक विशाल पदयात्रा के साथ शुरू हुआ था। उपराज्यपाल ने तीन मई को श्रीनगर शहर के लाल चौक इलाके के साथ-साथ अन्य जिलों में भी इसी तरह की पदयात्रा का नेतृत्व किया था।

भाषा सुमित रंजन

रंजन

शीर्ष 5 समाचार