जम्मू-कश्मीर: बेरोजगार लैब तकनीशियन ने अपने पूर्व कार्यस्थल पर सफाईकर्मी की नौकरी के लिए आवेदन किया

Ads

जम्मू-कश्मीर: बेरोजगार लैब तकनीशियन ने अपने पूर्व कार्यस्थल पर सफाईकर्मी की नौकरी के लिए आवेदन किया

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 10:14 PM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 10:14 PM IST

श्रीनगर, 22 अप्रैल (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में एक व्यक्ति ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लैब तकनीशियन के रूप में काम करने के बाद वहीं सफाई कर्मचारी की नौकरी के लिए आवेदन किया है।

इस मुद्दे को पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) प्रवक्ता मोहिट भान ने उठाया, जिन्होंने व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखते हुए उसका आवेदन पत्र फेसबुक पर साझा किया।

अपने आवेदन पत्र में, पुलवामा जिले के बेगपोरा गांव निवासी व्यक्ति ने कहा कि वह पहले अवंतीपोरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लैब तकनीशियन के रूप में काम कर चुका है और अब वहीं सफाई कर्मचारी की नौकरी चाहता है।

पत्र में नौकरी छोड़ने या हटाए जाने का कोई कारण नहीं बताया गया है।

पत्र में लिखा है, “महोदय/महोदया, मैं (नाम गोपनीय), बेगपोरा, अवंतीपोरा, पुलवामा का निवासी हूं। मैंने पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अवंतीपोरा में लैब तकनीशियन के रूप में काम किया है। मुझे पता चला है कि पीएचसी अवंतीपोरा में सफाई कर्मचारी के पदों पर भर्ती की जा रही है। अभी मैं बेरोजगार हूं और मुझे काम की आवश्यकता है, इसलिए कृपया मेरे मामले पर विचार करने की कृपा करें।”

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भान ने फेसबुक पर कहा कि इस पत्र ने उन्हें “झकझोर” दिया।

उन्होंने कहा, “एक प्रशिक्षित लैब तकनीशियन को जीवित रहने के लिए सफाई कर्मचारी की नौकरी के लिए आवेदन करना पड़ रहा है। सत्ता में बैठे लोगों ने एक लाख नौकरियों का वादा किया था, क्या यही उसका परिणाम है?’’ उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के युवाओं को “निराशा नहीं, सम्मान” मिलना चाहिए। उन्होंने सवाल किया, “यह कब तक चलता रहेगा?”

इस वर्ष 31 मार्च को जम्मू-कश्मीर सरकार ने विधानसभा में बताया था कि केंद्र शासित प्रदेश में बेरोजगारी दर 6.7 प्रतिशत है, जो राष्ट्रीय औसत 3.5 प्रतिशत से लगभग दोगुनी है।

भाषा

राखी अविनाश

अविनाश