कैलाश हिल्स मामला: आरोपी ने किया दावा- घर में चोरी के इरादे से घुसा था

Ads

कैलाश हिल्स मामला: आरोपी ने किया दावा- घर में चोरी के इरादे से घुसा था

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 10:03 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 10:03 PM IST

नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कैलाश हिल्स में 22 वर्षीय युवती की बलात्कार के बाद हत्या करने के आरोपी ने जांचकर्ताओं को बताया है कि मूल रूप से उसने केवल घर में चोरी की साजिश रची थी, लेकिन जब युवती ने तिजोरी खोलने से इनकार कर दिया, तो बाकी सब ‘बस हो गया’।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी राहुल मीणा (19) पूछताछ के दौरान सभी सवालों के जवाब दे रहा है, लेकिन उसने बार-बार अपने बयान बदले हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल को जुए की लत थी और वह कर्ज में डूबा हुआ था। उसने अपना कर्ज चुकाने के लिए पहले अपना मोबाइल फोन भी बेच दिया था, लेकिन वह पर्याप्त पैसे नहीं जुटा सका। इसके बाद उसने लूटपाट का सहारा लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ‘आरोपी सुबह करीब 6 बजे सोसाइटी में दाखिल हुआ और पीड़िता के माता-पिता के जिम जाने का इंतजार करने के लिए घर के पास एक पार्क में रुका रहा। इसके बाद उसने घर में घुसने के लिए एक अतिरिक्त चाबी का इस्तेमाल किया और सीधे छत पर बने अध्ययन कक्षा में चला गया, जहां युवती लोक सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थी।’

उन्होंने बताया कि जैसे ही वह ऊपर पहुंचा, पीड़िता ने वहां उसकी मौजूदगी पर सवाल उठाया। उसने पैसों की मांग शुरू कर दी, जिससे उनके बीच बहस हो गई।

बलात्कार और हत्या के बारे में पूछे जाने पर उसने पुलिस को बताया कि वह वहां नकदी चुराने गया था। जब उसने लड़की से उसकी उंगलियों के निशान का उपयोग करके तिजोरी खोलने को कहा, तो उसने मना कर दिया और अपराध ‘बस हो गया’।

उसने महिला के सिर पर भारी वस्तु से कई वार किए और बेहोशी की हालत में उसके साथ बलात्कार किया और फिर कथित तौर पर मोबाइल फोन चार्जिंग केबल से उसका गला घोंट दिया।

बाद में वह उसके खून से लथपथ शरीर को नीचे ले गया और उसकी उंगलियों का उपयोग करके लॉकर खोलने की कोशिश की, लेकिन असफल रहा।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद उसने पेंचकस से लॉकर तोड़ा, नकदी और आभूषण चुराए, अपने खून से सने कपड़े और चप्पलें बदलीं और मौके से फरार हो गया।

संदेह से बचने के लिए, आरोपी ने घर से निकलते समय एक फर्जी फोन कॉल किया और फोन पर बात करने का ढोंग करते हुए द्वारका की ओर निकल गया। उसने ट्रैकिंग से बचने के लिए अपना मोबाइल फोन भी बंद कर दिया था।

सूत्र ने बताया, ‘जब एक कार क्लीनर ने उससे वहां आने के बारे में पूछा, तो उसने लापरवाही से कहा कि उसे आज उसका बकाया वापस मिल जाएगा।’

जांचकर्ताओं का मानना है कि लूटपाट पहले से नियोजित थी और आरोपी ने पकड़े जाने से बचने के लिए कई कदम उठाए थे। सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि वह सुबह करीब 6.30 बजे कॉलोनी में दाखिल हुआ, 6.49 बजे घर में घुसा और करीब 7.20 बजे बाहर निकला। वह 30 मिनट से अधिक समय तक घर के अंदर था।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव