बेंगलुरु, 22 अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने बुधवार को कहा कि एक कबड्डी मैच के दौरान उपायुक्त के साथ 500 रुपये की शर्त हारने संबंधी उनके बयान पर अदालत द्वारा प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश के बाद “ऐसा लगता है कि वह अब मजाक भी नहीं कर सकते”।
मंत्री ने कहा कि मैच के दौरान उनका बयान सामान्य बातचीत के तौर पर दिया गया था और इसका उद्देश्य सट्टेबाजी को बढ़ावा देना नहीं था।
परमेश्वर ने यहां संवाददाताओं से कहा, “मैंने कबड्डी मैच के दौरान यह बात हल्के-फुल्के अंदाज में कही थी। गांवों में हम कभी-कभी इस तरह से अनौपचारिक बातें कर देते हैं। कानून की नजर में यह गलत हो सकता है, लेकिन महत्वपूर्ण यह है कि मैंने यह किस संदर्भ में कहा था।”
उन्होंने कहा, “अगर मैंने लोगों से मैच पर सट्टा लगाने के लिए कहा होता या उसे बढ़ावा दिया होता, तो वह निश्चित रूप से गलत होता।”
मंत्री ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा, “यह कहना पूरी तरह गलत है कि मैं, एक जिम्मेदार पद पर रहते हुए, अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दे रहा हूं। यह सब इस पर निर्भर करता है कि आप इसे किस नजरिये से देखते हैं।”
परमेश्वर ने कहा कि शर्त का मामला मैच समाप्त होने के साथ ही खत्म हो गया था, लेकिन एक व्यक्ति द्वारा अदालत में शिकायत दायर करने के बाद इसे फिर से उठाया गया।
उन्होंने कहा, “ऐसा लगता है कि मैं अब मजाक भी नहीं कर सकता, लेकिन मैं कानून का सम्मान करता हूं। जब मैं कानून-व्यवस्था से जुड़ा दायित्व निभा रहा हूं, तो मुझे कानून का पालन करना होगा। अब मैंने इस मामले को कानून के हवाले कर दिया है।”
संवाददाताओं द्वारा यह पूछे जाने पर कि उन्होंने अदालत को संदर्भ क्यों नहीं समझाया, परमेश्वर ने कहा कि उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला।
उन्होंने कहा, “अगर मुझे नोटिस मिला होता, तो मैं अदालत को समझाता कि इस मामले को गंभीरता से न लिया जाए। अचानक आदेश पारित कर दिया गया।”
बेंगलुरु की 42वीं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत ने हाल ही में एच आर नागभूषण की ओर से दायर निजी शिकायत पर पुलिस को जांच शुरू करने का निर्देश दिया है। अदालत ने इस मामले में तुमकुरु के कोडिगेहल्ली थाने को विस्तृत जांच करने को भी कहा है।
सूत्रों के अनुसार हाल ही में तुमकुरु में आयोजित राज्य स्तरीय प्री-यूनिवर्सिटी कबड्डी टूर्नामेंट में दक्षिण कन्नड़ की टीम ने फाइनल में विजयपुरा को 36-26 से हराया था।
पुरस्कार वितरण के बाद परमेश्वर ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा था, “मैं 500 रुपये हार गया। मैंने उपायुक्त के साथ शर्त लगाई थी कि विजयपुरा टीम जीतेगी।”
हालांकि यह टिप्पणी हल्के-फुल्के अंदाज में की गई थी, फिर भी इसकी आलोचना हुई और कुछ लोगों ने एक महत्वपूर्ण पद पर आसीन व्यक्ति द्वारा ऐसे बयान देने की उपयुक्तता पर सवाल उठाए।
भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश
अविनाश