कर्नाटक: विहिप नेता ने हिजाब के फैसले पर विरोध जताया, प्रदर्शन का आह्वान किया

Ads

कर्नाटक: विहिप नेता ने हिजाब के फैसले पर विरोध जताया, प्रदर्शन का आह्वान किया

  •  
  • Publish Date - May 19, 2026 / 09:32 PM IST,
    Updated On - May 19, 2026 / 09:32 PM IST

मंगलुरु (कर्नाटक), 19 मई (भाषा) विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने कर्नाटक सरकार के स्कूलों और कॉलेजों में हिजाब की अनुमति देने के फैसले का मंगलवार को विरोध किया।

विहिप के क्षेत्रीय सचिव शरण पंपवेल ने युवाओं से इस कदम के खिलाफ प्रदर्शन करने का आह्वान किया और आरोप लगाया कि यह ‘‘तुष्टीकरण की राजनीति’’ और धार्मिक चरमपंथ को बढ़ावा देने वाला कदम है।

शहर में विहिप कार्यालय ‘विश्वश्री’ में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंपवेल ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने हिजाब की अनुमति देकर शैक्षणिक परिसरों की गरिमा को घटाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों को अनुशासन और एकरूपता बनाए रखनी चाहिए।

पंपवेल ने कहा कि सरकार के इस फैसले से छात्रों और युवाओं के एक वर्ग में नाराजगी पैदा हुई है। उन्होंने दावा किया कि कुछ छात्र अब इस नीति के विरोध में भगवा गमछा लेकर स्कूलों और कॉलेजों में जाने की योजना बना रहे हैं, और उन्होंने ऐसे कार्यों के प्रति समर्थन व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि विहिप और अन्य हिंदू संगठन सरकार के फैसले के विरोध में होने वाले प्रदर्शनों का समर्थन करेंगे।

कर्नाटक के कुछ हिस्सों में पूर्व में हिजाब को लेकर विवादों का जिक्र करते हुए पंपवेल ने कहा कि दक्षिण कन्नड़ जिले में अभी तक ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई है।

हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि यदि कोई संगठन हिजाब मुद्दे पर जिले में अशांति पैदा करने का प्रयास करता है, तो हिंदू संगठन इसका कड़ा विरोध करेंगे।

भाषा आशीष रंजन

रंजन

शीर्ष 5 समाचार