नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस करोल बाग में तेज रफ्तार पर्यटक बस के पलटने के मामले में घायल यात्रियों के बयान दर्ज कर चालक के आचरण की जांच करेगी। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मंगलवार देर रात मध्य दिल्ली के करोल बाग इलाके में हनुमान मंदिर के पास हुए इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और 23 अन्य घायल हो गए थे।
पुलिस ने बताया कि जयपुर-दिल्ली पर्यटक बस के चालक सहित सभी घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि राहगीरों की भूमिका और पुलिस कर्मियों की त्वरित प्रतिक्रिया ने हताहतों की संख्या को बढ़ने से रोकने में मदद की।
उन्होंने कहा, ‘मौके पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने बस को उठाने में मदद के लिए वहां से गुजर रही एक जेसीबी मशीन को रुकवाया, जबकि राहगीरों ने लोगों को निकालने के लिए जगह बनाने के वास्ते बस के नीचे सीमेंट के पत्थर रख दिए।’
अधिकारी ने बताया, ‘उनकी समय पर की गई मदद कारगर साबित हुई और सभी यात्रियों को 15 मिनट के भीतर बाहर निकाल लिया गया।’
पुलिस ने कहा कि सभी यात्रियों के बयान दर्ज किए जाएंगे, जिनमें बस के पिछले हिस्से में बैठे लोगों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
एक अन्य अधिकारी ने कहा, ‘पीछे बैठने वाले यात्रियों को लापरवाही और तेज रफ्तार वाहन चलाने का प्रभाव महसूस होने की अधिक संभावना होती है। उनके बयान यात्रा के दौरान चालक के व्यवहार का पता लगाने में मदद करेंगे।’
दिल्ली पुलिस ने कहा कि वह राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने वाली पर्यटक बसों द्वारा उपयोग किए जाने वाले मार्गों पर निगरानी तेज करेगी, विशेष रूप से देर रात आने वाली बसों पर नजर रखेगी।
वरिष्ठ अधिकारियों को आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए कर्मियों को तैनात करने और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘हम पर्यटक स्लीपर बसों के सभी प्रवेश मार्गों पर कड़ी निगरानी रखेंगे ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता प्रदान की जा सके।’
टीमें सुरक्षा मानदंडों के अनुपालन, विशेष रूप से आपातकालीन निकास की उपलब्धता और उनकी कार्यक्षमता की भी जांच करेंगी।
अधिकारी ने कहा, ‘ऐसे वाहनों में आपातकालीन निकास महत्वपूर्ण होते हैं क्योंकि वे दुर्घटनाओं के दौरान जल्दी से बाहर निकलने में मदद करते हैं।’
पुलिस ने कहा कि बस चालकों के शराब पीकर गाड़ी चलाने की जांच के लिए रणनीतिक बिंदुओं पर देर रात नाके लगाए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य दुर्घटनाओं को रोकना, हताहतों की संख्या कम करना और दिल्ली में प्रवेश करने वाली पर्यटक बसों के लिए सुरक्षा मानदंडों को सख्ती से लागू करना है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश