तिरुवनंतपुरम, 19 मई (भाषा) केरल में सत्तारूढ़ कांग्रेस नीत यूडीएफ में कुछ विभागों के आवंटन को लेकर सहयोगी दलों के बीच मतभेद उभर आए हैं, जिसके कारण नवनियुक्त वी डी सतीशन मंत्रिमंडल में मंत्रियों के विभागों की घोषणा में देरी हो रही है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के मुरलीधरन ने कहा कि मत्स्य पालन और उच्च शिक्षा विभाग किसे दिया जाए, इसे लेकर यूडीएफ में मतभेद हैं, लेकिन उन्होंने भरोसा जताया कि इन मुद्दों का जल्द समाधान कर लिया जाएगा।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, “मंत्रियों के विभागों की अधिसूचना शाम तक जारी कर दी जाएगी। कुछ मंत्रियों के विभागों में बदलाव की संभावना के कारण देरी हो रही है। उच्च शिक्षा और मत्स्य पालन विभाग को लेकर मतभेद हैं।”
मुरलीधरन ने कहा, “इन मुद्दों का जल्द समाधान कर लिया जाएगा और शाम तक अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।”
विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर मतभेद के कारण मुख्यमंत्री पद के नाम की घोषणा में भी 10 दिन से अधिक का समय लगा था।
भाषा मनीषा वैभव
वैभव