कन्नूर, 14 मई (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. सुधाकरन ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह केरल के मुख्यमंत्री के रूप में वी.डी. सतीशन की नियुक्ति के पार्टी के फैसले का समर्थन करेंगे।
कांग्रेस ने सतीशन को केरल का मुख्यमंत्री घोषित कर पार्टी के नेतृत्व के फैसले को लेकर कई दिनों से जारी अटकलों पर विराम लगा दिया।
कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने केरल विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल किया लेकिन विभिन्न गुटों की पैरवी और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के विरोध के कारण पार्टी अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का फैसला नहीं कर पाई थी।
सुधाकरन के सतीशन के साथ कथित तौर पर तनावपूर्ण संबंध रहे हैं और उन्होंने पहले इस पद के लिए के.सी. वेणुगोपाल का समर्थन किया था।
सुधाकरन ने कहा कि सभी को पार्टी के फैसले को स्वीकार करना चाहिए।
कन्नूर से सांसद सुधाकरन ने पत्रकारों से कहा कि सतीशन का चयन दर्शाता है कि कांग्रेस जनता के हितों की रक्षा करने में एक आदर्श पार्टी है।
उन्होंने वेणुगोपाल के प्रति उनके समर्थन के बारे में पूछे जाने पर कहा कि अब इस मुद्दे का कोई महत्व नहीं रह गया है।
सांसद ने कहा, “ऐसे मामलों का अब कोई महत्व नहीं है। आला कमान का निर्णय आ चुका है। मैंने हमेशा यही कहा है कि अंतिम निर्णय उन्हीं का होता है। निर्णय लिया जा चुका है, और हम सभी इसे स्वीकार करेंगे।”
सुधाकरन ने कहा कि जो कोई भी आलाकमान के निर्णय को स्वीकार नहीं करता, उसके लिए पार्टी में कोई स्थान नहीं है।
उन्होंने कहा, “दोनों नेता (सतीशन और वेणुगोपाल) अच्छे हैं। वे कांग्रेस पार्टी के दो स्तंभ हैं।”
भाषा जितेंद्र माधव
माधव