इडुक्की, आठ जून (भाषा) इडुक्की जिले के चिन्नक्कनाल में सोमवार को एक जंगली हाथी के हमले में 37 वर्षीय महिला की मौत हो गई और उसका बेटा घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान स्थानीय निवासी मारी के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घटना तब हुई जब महिला अपने बेटे को स्कूल छोड़ने जा रही थी। बताया गया है कि दोनों अपने घर से मुख्य सड़क की ओर जाते समय एक जंगली हाथी के सामने आ गए।
उन्होंने बताया कि उस समय इलाके में भारी बारिश और घना कोहरा छाया हुआ था, और संदेह है कि पीड़िता पास में मौजूद हाथी को देख नहीं पाई।
पुलिस ने बताया कि हमले में मारी को गंभीर चोटें आईं और घावों के कारण उसकी मौत हो गई। घायल लड़के का फिलहाल पास के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
यह घटना राज्य भर के वन सीमावर्ती क्षेत्रों में मानव-हाथी संघर्ष को लेकर लगातार जारी चिंताओं के बीच घटी है।
पिछले दो हफ्तों में राज्य में जंगली हाथियों के हमलों में कथित तौर पर पांच लोगों की मौत हो चुकी है।
भाषा तान्या वैभव
वैभव