रांची, सात मार्च (भाषा) वरिष्ठ नेता खीरू महतो शनिवार को लगातार तीसरी बार निर्विरोध जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की झारखंड इकाई के अध्यक्ष चुने गए। पार्टी के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी।
संगठनात्मक चुनाव कराने के लिए पार्टी की ओर से नियुक्त राज्य चुनाव अधिकारी श्रवण कुमार ने महतो को प्रमाणपत्र सौंपा।
पार्टी के एक बयान के अनुसार, इस अवसर पर झारखंड के 14 जिलों और दो महानगरों रांची व जमशेदपुर इकाई के अध्यक्षों की भी नियुक्ति की गई।
महतो ने पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
राज्यसभा सदस्य ने झारखंड में पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं से अथक प्रयास करने का निर्देश भी दिया।
महतो ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि नीतीश कुमार पार्टी के निर्विवाद व सर्वमान्य नेता हैं और सभी को उनके (बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के) फैसले का सम्मान करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संसद का बजट सत्र समाप्त होने के बाद संगठन का विस्तार किया जाएगा।
झारखंड के एकमात्र जद(यू) विधायक सरयू राय ने महतो को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप