जम्मू-कश्मीर में किसान क्रेडिट कार्ड ऋण में ‘घोटाले’ का पर्दाफाश

Ads

जम्मू-कश्मीर में किसान क्रेडिट कार्ड ऋण में ‘घोटाले’ का पर्दाफाश

  •  
  • Publish Date - July 1, 2026 / 04:06 PM IST,
    Updated On - July 1, 2026 / 04:06 PM IST

श्रीनगर, एक जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर अपराध शाखा की आर्थिक अपराध जांच इकाई ने जम्मू-कश्मीर बैंक के एक दिहाड़ी कर्मचारी द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण में कथित तौर पर हेरफेर किए जाने का पर्दाफाश किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि कर्मचारी ने बैंक के लॉगिन संबंधी गोपनीय विवरण का कथित तौर पर दुरुपयोग कर रकम निकाल ली। उन्होंने बताया कि कर्मचारी ने खुद एवं अपने परिवार के सदस्यों को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए यह धोखाधड़ी की, जिससे बैंक को नुकसान हुआ।

कश्मीर की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने श्रीनगर की भ्रष्टाचार निरोधक मामलों से जुड़ी अतिरिक्त विशेष न्यायाधीश की अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया है।

अधिकारियों ने बताया कि बडगाम जिले के चदूरा स्थित हंजुरा निवासी रऊफ मोहम्मद वानी के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया है। उस पर अनधिकृत लेनदेन, केसीसी ऋण सीमा में हेरफेर और बैंकिंग लॉगिन के गोपनीय विवरण के दुरुपयोग के जरिये 10.44 लाख रुपये हड़पने का आरोप है।

उन्होंने कहा, ‘‘जांच में पता चला कि आरोपी ने बडगाम के चदूरा स्थित जम्मू-कश्मीर बैंक की दादा ओमपोरा शाखा में दिहाड़ी कर्मचारी के रूप में काम करते हुए ग्राहकों के खातों से धोखाधड़ी कर रकम निकाली, बिना अनुमति के केसीसी खातों की ऋण सीमा बढ़ाई और बैंकिंग लॉगिन संबंधी गोपनीय विवरण का दुरुपयोग कर धन निकाल लिया।’’

अधिकारियों ने बताया कि जांच में यह स्थापित हुआ है कि आरोपी ने अपने और अपने परिवार के सदस्यों को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए यह धोखाधड़ी की, जिससे बैंक को नुकसान हुआ।

उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद न्यायिक सुनवाई के लिए सक्षम अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया गया है।

भाषा सिम्मी पवनेश

पवनेश