कर्नाटक में कानून व्यवस्था बिल्कुल चरमरा गयी है: भाजपा

Ads

कर्नाटक में कानून व्यवस्था बिल्कुल चरमरा गयी है: भाजपा

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 05:26 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 05:26 PM IST

नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2016 के हत्या मामले में कांग्रेस विधायक विनय कुलकर्णी को दोषी ठहराए जाने के बाद बृहस्पतिवार को कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर अपना हमला तेज कर दिया।

भाजपा ने कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त होने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी का नाम बदलकर “अपराध और भ्रष्टाचार” कर दिया जाना चाहिए।

एक दिन पहले ही विशेष सांसद-विधायक अदालत ने कांग्रेस विधायक विनय कुलकर्णी एवं 16 अन्य को भाजपा नेता योगेश गौदार की हत्या का दोषी ठहराया। गौदार की 2016 में हत्या कर दी गयी थी।

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस को अपना नाम ‘आईएनसी–इंडियन नेशनल कांग्रेस’ से बदलकर ‘सीएनसी – अपराध और भ्रष्टाचार’ कर लेना चाहिए।

उन्होंने ‘एक्स’ पर डाले गये एक वोडियो में कहा, ‘‘ हम जानते हैं कि कांग्रेस सबसे भ्रष्ट पार्टी है, लेकिन अब उनमें अपराधियों की भरमार भी हो गयी है।’’

पूनावाला ने आरोप लगाया, ‘‘कुलकर्णी अकेले ऐसे नेता नहीं हैं। भ्रष्टाचार और चुनावी धोखाधड़ी के मामलों में कई नेता दोषी करार दिये जा चुके हैं। कर्नाटक में कई कांग्रेस विधायक ऐसी हरकतों में लिप्त हैं।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य को ‘भ्रष्टाचार और अपराधवाद’ वाली सरकार चला रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर अपराधी खुद विधायक और मंत्री हैं, तो कर्नाटक में कानून-व्यवस्था का क्या होगा? इसमें कोई आश्चर्य नहीं है कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और महिलाओं की सुरक्षा अब तक के सबसे निचले स्तर पर है।’’

पूनावाला ने यह भी दावा किया कि राज्य में लोग खराब बुनियादी ढांचे और खराब शासन के कारण परेशान हैं।

गौदार की हत्या के मामले में कुलकर्णी और अन्य को विशेष सांसद-विधायक अदालत ने बुधवार को उन्हें आपराधिक साजिश और संबंधित अपराधों का दोषी ठहराया।

इस दोषसिद्धि के बाद कुलकर्णी की विधानसभा सदस्यता जा सकती है।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश